Gumla: बसिया थाना क्षेत्र के चिंतामणकुरा गांव में 42 वर्षीय बिरसा खड़िया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सूचना मिलने पर बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. मृतक के भतीजे संजय खड़िया ने बताया कि बिरसा खड़िया का पैतृक घर लौवाकेरा डुंकींटोली में है, लेकिन वह अपने परिवार के साथ चिंतामणकुरा गांव में रहते थे. करीब पांच वर्ष पहले उनकी पत्नी का बीमारी के कारण निधन हो गया था.

मामले की जांच जारी
परिजनों के अनुसार, बिरसा खड़िया को अत्यधिक शराब पीने की लत थी. उन्होंने शुक्रवार को अधिक मात्रा में शराब का सेवन किया और घर में सो गए. काफी देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद जांच करने पर उनकी मौत की जानकारी हुई. पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच जारी है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

