Ranchi: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का सत्याग्रह आंदोलन लगातार जारी है. पहले मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में शुरू हुआ यह आंदोलन अब जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा है. बड़ी संख्या में छात्र दिन-रात धरने पर बैठे हैं और उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. बीती रात हुई तेज बारिश ने आंदोलनकारियों की परेशानी बढ़ा दी. कई छात्रों को बारिश के बीच ही रात गुजारनी पड़ी, जबकि लगाए गए टेंट में भी पानी भर गया. छात्रों ने प्रशासन से अतिरिक्त टेंट लगाने की मांग की थी. शुरुआत में अनुमति नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने एक छोटा अतिरिक्त टेंट लगाने की मंजूरी दी. हालांकि, अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार बारिश को देखते हुए अभी भी बेहतर व्यवस्था की जरूरत है.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा: छात्रों का साल बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा, JPSC परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी होगी- सांसद सुखदेव भगत

आंदोलन को अब देश के अन्य हिस्सों से भी मिल रहा समर्थन
आंदोलन को अब राज्य के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों से भी समर्थन मिलने लगा है. दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से लोग छात्रों के समर्थन में आगे आ रहे हैं. विभिन्न सामाजिक संगठनों और सहयोगी संस्थाओं की ओर से आंदोलन स्थल पर नाश्ता, दोपहर और रात के भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जा रही है, जिससे धरने पर बैठे छात्रों को आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और उनका उद्देश्य केवल भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कराना है. वहीं, आंदोलन स्थल पर लगातार बढ़ रहे समर्थन और छात्रों के दृढ़ रुख के कारण अब सभी की नजर सरकार और प्रशासन की अगली पहल पर टिकी हुई है.
