सरायकेला: विश्व आदिवासी दिवस-2026 की तैयारियां तेज, DC और पुलिस अधीक्षक ने की समीक्षा

Sraikela: 09 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार में सोमवार को समीक्षात्मक बैठक आयोजित...

सरायकेला

Sraikela: 09 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार में सोमवार को समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने की. बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी, एसडीओ सरायकेला अभिनव प्रकाश,आईटीडीए परियोजना निदेशक-सह-जिला कल्याण पदाधिकारी उषा मुंडू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, नगर आयुक्त आदित्यपुर एजाज अनवर, एसडीओ चांडिल नितिन शिवम गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, DPM JSLPS सहित सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता और बीडीओ उपस्थित थे.

जिला-प्रखंड स्तर पर होंगे विविध कार्यक्रम

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिला और प्रखंड स्तर पर आपसी समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. स्थानीय कलाकारों की सहभागिता से जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए क्राफ्ट एग्जीबिशन लगाई जाए. स्थानीय व्यंजनों पर आधारित फूड फेस्टिवल और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए जन जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं.

विद्यालयों में प्रतियोगिताएं, बनाए जाएंगे सेल्फी प्वाइंट

शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी तथा जनजातीय संस्कृति एवं विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए जाएं. जिला,अनुमंडल, प्रखंड मुख्यालयों के साथ-साथ प्रमुख पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट स्थापित करने के निर्देश दिए गए.

सोशल मीडिया और जनसहभागिता पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रमों का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए. इसके लिए सोशल मीडिया अभियान चलाया जाए और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि विश्व आदिवासी दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का अवसर है. सभी नागरिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर संस्कृति के संरक्षण में योगदान दें.

पुलिस अधीक्षक ने दिए सुरक्षा निर्देश

पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी ने कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए समय से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, प्रभावी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा. सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से ड्यूटी करने का निर्देश दिया गया.

AlsoRead:झारखंड के स्कूल-कॉलेजों में चलेगा नशा मुक्ति अभियान, पढ़ाई के साथ छात्रों को दी जाएगी जागरूकता

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *