Ranchi: रांची के नए सिविल सर्जन के रूप में डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने आज विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया. सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी. पदभार संभालने के बाद डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिले के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना होगी. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जाएगा.
सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम का सफल संचालन संभव
वहीं, विदाई समारोह में डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि पूरी टीम के सहयोग और सामूहिक प्रयास से जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का सफल संचालन संभव हो सका. कार्यक्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, डीआरसीएचओ डॉ. असीम मांझी, डीटीआईओ डॉ. एस. बास्की, डॉ. प्रभावती सहित सिविल सर्जन कार्यालय के जिला स्तरीय पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
डॉ. प्रभात कुमार के कार्यों की सराहना
सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. प्रभात कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. साथ ही नए सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया.

