-
SDO के औचक निरीक्षण से बालू कारोबारियों में हड़कंप
Saraikela: राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) द्वारा बालू पर रोक के आदेश लागू होने के बावजूद जिले में अवैध बालू परिवहन और भंडारण की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है. चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता के नेतृत्व में एक टीम ने सोमवार को चौका-ईचागढ़ मार्ग स्थित बालू भंडारण स्थलों का औचक निरीक्षण किया. टीम में प्रभारी अंचल अधिकारी तुलेश्वर रोहीदास और चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार भी शामिल थे.
भंडारण स्थलों की जांच, कागजात तलब
एसडीओ की टीम ने चांडिल प्रखंड अंतर्गत चंदूडीह और ट्यूडूंगरी में जेएसएमडी द्वारा अधिकृत बालू भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान संचालकों से भंडारण से संबंधित सभी आवश्यक कागजात के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें: रांची: JPSC-JSSC पेपर लीक के विरोध में आइसा का प्रदर्शन, 7 अगस्त को विधानसभा मार्च


पुलिस को देखकर भागे ट्रैक्टर चालक
निरीक्षण के दौरान जब प्रशासनिक टीम चौका-ईचागढ़ मार्ग से गुजर रही थी, तो कई ट्रैक्टर चालक सरकारी वाहन को देखकर झाड़ियों में अवैध बालू गिराकर फरार हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रात 12 बजे से तड़के 4 बजे तक इस मार्ग पर भारी वाहन और ट्रैक्टरों द्वारा अवैध बालू का परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है. इससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लगातार छापेमारी से अवैध बालू कारोबार पर रोक लगेगी. एसडीओ ने कहा कि अवैध खन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे.

