नगरपालिका चुनाव 2026 की तैयारी तेज, दूसरे चरण का प्रशिक्षण जारी

रांची : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय...

रांची : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. इसी क्रम में मतदान पदाधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पीठासीन पदाधिकारियों का द्वितीय चरण प्रशिक्षण मोरहाबादी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित किया जा रहा है. प्रशासन का उद्देश्य है कि चुनाव से जुड़े हर कर्मी को प्रक्रिया की संपूर्ण और व्यवहारिक जानकारी दी जाए, ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की त्रुटि न हो.

एसडीओ ने किया निरीक्षण, निष्पक्षता पर दिया जोर
प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी, रांची सदर कुमार रजत ने किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, कर्मियों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि वे चुनाव कार्य को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ निभाएं. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही प्रत्येक जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करें और किसी भी शंका की स्थिति में तुरंत मास्टर ट्रेनर्स से समाधान प्राप्त करें.

चुनाव प्रक्रिया के हर पहलू पर विशेष प्रशिक्षण
जिलास्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है. इसमें मतदान पूर्व तैयारियां, मतदान दिवस की कार्यप्रणाली, मतपेटी संचालन, सीलिंग प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों का संधारण, मतदान की गोपनीयता सुनिश्चित करना, दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं को सुविधा प्रदान करना, आदर्श आचार संहिता का पालन तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के उपाय शामिल हैं. इस अवसर पर प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी संजीव कुमार, बादल राज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. जिला प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि नगरपालिका चुनाव 2026 पारदर्शिता, अनुशासन और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, जिसके लिए सभी कर्मियों को पूरी तरह प्रशिक्षित किया जा रहा है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *