Ranchi: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 97 हजार 213 महिला लाभुकों के बैंक खातों में जुलाई 2026 की सम्मान राशि भेज दी गई है. सभी महिलाओं के खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2,500 रुपये की राशि जमा की गई. जिला प्रशासन के अनुसार, इस भुगतान के लिए कुल 99 करोड़ 30 लाख 32 हजार 500 रुपये लाभुकों के खातों में ट्रांसफर किए गए हैं. जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है. सबसे अधिक लाभुक कांके प्रखंड में रहे, जहां 31,709 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई. इसके अलावा टाउन अर्बन क्षेत्र में 26,267, मांडर में 23,086, सिल्ली में 21,410, बेड़ो में 20,680 और रातू में 20,499 महिलाओं को योजना का लाभ मिला.

यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस को मिलेगा हाईटेक किट, अब घटनास्थल से नहीं छूटेगा कोई सुराग

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे अपनी दैनिक जरूरतों को आसानी से पूरा कर पा रही हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे.


