Click Here
Click Here
Click Here

पलामू: लापरवाही की भेंट चढ़ी जिंदगी, दांत निकलवाने गई महिला की मौत, आरोपी डॉक्टर फरार, क्लिनिक सील

पलामू: जिले के हरिहरगंज शहरी क्षेत्र में मंगलवार को एक निजी डेंटल क्लिनिक में इलाज के दौरान हुई महिला की मौत के...

Palamu News
डेंटल क्लिनिक

पलामू: जिले के हरिहरगंज शहरी क्षेत्र में मंगलवार को एक निजी डेंटल क्लिनिक में इलाज के दौरान हुई महिला की मौत के बाद प्रशासनिक महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है. इस घटना ने क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था की सुरक्षा और अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्या है पूरा मामला?

बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत कुटुंबा थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव निवासी विज्यांति देवी (33 वर्ष) अपने पति मुकेश चंद्र भारती के साथ हरिहरगंज स्थित ‘जनता डेंटल क्लिनिक’ पहुंची थीं. मृतका के पति के अनुसार, विज्यांति को दांत में दर्द की शिकायत थी, जिसके उपचार के लिए वे डॉ. असरफ अली के पास गए थे. ​आरोप है कि जैसे ही डॉक्टर ने महिला का दांत निकाला, उसकी शारीरिक स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी. कुछ ही मिनटों में महिला अचेत हो गई और परिजनों के देखते ही देखते क्लिनिक में ही उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद डॉक्टर हुआ फरार

महिला की मृत्यु होते ही क्लिनिक संचालक डॉ. असरफ अली मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर क्लिनिक में ताला जड़कर मौके से फरार हो गया. परिजनों ने आनन-फानन में महिला को हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां ऑन-ड्यूटी डॉक्टर सुनील कुमार ने जांच के उपरांत उसे आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया. इधर, ​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, सीओ मनीष कुमार सिंहा और सीएचसी प्रभारी डॉ. गोपाल प्रसाद स्वयं मौके पर पहुंचे.

अधिकारियों की मौजूदगी में त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त निजी डेंटल क्लिनिक को पूरी तरह सील कर दिया गया है. प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित और मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.  मृतका के पति ने हरिहरगंज थाने में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही और गलत इलाज का मामला दर्ज कराया है. ​पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

​क्षेत्र में पसरा मातम और आक्रोश

​इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बिना उचित डिग्री और मानकों के चल रहे ऐसे क्लिनिक लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं. परिजनों ने प्रशासन से दोषी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा और मुआवजे की मांग की है.

यह भी पढ़ें: जमीन माफियाओं से साठगांठ और बढ़ते अपराध पर SSP की बड़ी कार्रवाई, थाना प्रभारी को किया सस्पेंड

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *