-
प्रारूप मतदाता सूची और ASDDF सूची के प्रकाशन की जांच, 5 अगस्त से 4 सितंबर तक चलेगी दावा-आपत्ति प्रक्रिया
Giridih: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF सूची के प्रकाशन, दावा एवं आपत्ति से संबंधित व्यवस्थाओं तथा बूथ स्तर पर चल रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर प्रदर्शित प्रारूप मतदाता सूची और ASDDF सूची का अवलोकन किया तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे. उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी. इस अवधि में यदि किसी पात्र नागरिक का नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें किसी प्रकार की त्रुटि है, तो संबंधित व्यक्ति आवेदन देकर आवश्यक सुधार करा सकता है. उन्होंने अधिकारियों को ऐसे सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

यह भी पढ़ें: गिरिडीह: कोयला चोरों पर ‘लेडी सिंघम’ माया सिंह का कहर, CCL में अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप


DC की अपील- मतदाता सूची में अपना नाम जांचें
निरीक्षण के दौरान बीएलओ को निर्देशित किया गया कि वे मतदाताओं को प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 की जानकारी दें तथा विशेष रूप से उन युवाओं तक पहुंच बनाएं, जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं. ऐसे सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए. उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से भी संवाद किया और उनसे अपील की कि वे स्वयं तथा अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में अवश्य जांच लें. यदि परिवार के किसी सदस्य का नाम अलग मतदान केंद्र पर दर्ज है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो प्रपत्र-8 के माध्यम से आवश्यक संशोधन कराया जाए. उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला एक शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची है. इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें तथा आवश्यकता पड़ने पर दावा या आपत्ति दर्ज कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं. निरीक्षण के दौरान गिरिडीह के अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे.


