Jamtara: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर नवपदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने बुधवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता की. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, मरीजों की सुविधा और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं.
बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा देना प्राथमिकता
सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि जिले के आम लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे.

समस्या होने पर सीधे करें संपर्क
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए सीधे उनसे संपर्क करें, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके.डॉ. मिश्रा ने कहा कि जामताड़ा में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे और इसमें आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है.

पहले भी जामताड़ा में दे चुके हैं सेवा
बता दें कि डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा इससे पहले भी जामताड़ा जिले में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 4 अगस्त 2021 से 10 नवंबर 2023 तक जिले में कार्य किया था. जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और स्थानीय परिस्थितियों से परिचित होने के कारण उनके दोबारा पदस्थापन को अहम माना जा रहा है.
स्वास्थ्यकर्मियों से संवेदनशील व्यवहार की अपील
सिविल सर्जन ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों और उनके परिजनों के साथ सरल, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मरीजों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और सभी स्वास्थ्यकर्मी सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
सामूहिक प्रयास से मजबूत होगी स्वास्थ्य व्यवस्था
डॉ. सुरेंद्र मिश्रा ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए विभाग, चिकित्सकों, कर्मियों और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. सामूहिक प्रयास से ही जामताड़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है.

