Chatra: जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त रवि आनंद ने बुधवार को जिला पशुपालन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्था, कर्मियों की उपस्थिति और संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली.
कार्यालय व्यवस्था और कर्मियों की उपस्थिति की जांच

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, कार्य व्यवस्था और कर्मियों की समय पर उपस्थिति का जायजा लिया. उन्होंने उपस्थिति पंजी का अवलोकन कर पदाधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी की जांच की. इसके बाद उन्होंने कार्यालय में मौजूद सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने समक्ष बुलाकर उनके कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी ली.

अपूर्ण योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश
उपायुक्त ने विभागीय अभिलेखों की समीक्षा करते हुए लंबित योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी.
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान उपायुक्त रवि आनंद ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
2025-26 और 2026-27 की योजनाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की लंबित और स्वीकृत योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्राप्त योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी पर भी जोर दिया. उन्होंने अभिलेखों को अपडेट रखने, कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण में अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, जिला पशुपालन कार्यालय के संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ: कोडरमा में सड़क हादसा: रेलवे ओवरब्रिज के पास ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार घायल, वाहन जब्त

