Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने राजधानी में शक्ति प्रदर्शन किया. बुधवार को छात्रों ने करीब 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ मार्च निकालकर अपनी मांगों को सार्वजनिक रूप से दोहराया और सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की.
बारिश के बीच भी जारी रहा प्रदर्शन
तेज बारिश के बावजूद आंदोलनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ. बारिश में भीगते हुए बड़ी संख्या में छात्र तिरंगा थामे सड़कों पर आगे बढ़ते रहे. यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों के साथ भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई गई.

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि उनका विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है. उनका उद्देश्य सरकार का ध्यान उन युवाओं की ओर आकर्षित करना है, जो लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

छात्रों का कहना है कि मौसम की कठिनाइयों से उनके आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उनका दावा है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
ALSO READ: सिमडेगा: दुष्कर्म व पॉक्सो मामले का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

