पांकी में गोलगप्पा खाने से 100 से अधिक बच्चों की बिगड़ी तबीयत, इलाज में जुटी स्वास्थ्य विभाग टीम

Palamu: पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका इलाके में गोलगप्पा खाने के बाद 100 से भी अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. मामले...

पलामू
पलामू

Palamu: पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका इलाके में गोलगप्पा खाने के बाद 100 से भी अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल मरीजों का प्राथमिक इलाज कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांकी लाया गया.  सभी बच्चों को उल्टी दस्त और डिहाइड्रेशन की शिकायत है.

मेले में खाया था गोलगप्पा

घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका के रघुआखाड़ महाशिवरात्रि के मौके पर मेला लगा था. इस मेले में पलामू चतरा इलाके के कई गांव के लोग पहुंचे थे, जहां उन्होंने गोलगप्पा खाया था. इसके बाद ही उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ते गया. ग्रामीणों ने बताया कि मेले में द्वारिक, यादव टोला, जमुआटांड़, रिमी, रामपुर समेत कई अन्य गांव के बच्चों ने गोलगप्पा खाया था. रविवार की रात से एक-एक करके बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी. सोमवार सुबह में कई बच्चों की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई. ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जानकारी पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई है.

एक दर्जन से भी अधिक बच्चे बीमार 

पांकी में द्वारिका के रहने वाले सोनू गुप्ता कुमार गुप्ता, नरेश लाल यादव, मुखिया पति सह समाजसेवी विनोद यादव ने बताया कि उनके बेटे ने भी मेले में गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई. स्थानीय स्तर पर ही बच्चे का इलाज करवाया गया है. मेले में गोलगप्पा खाने के कारण गांव के कई अन्य बच्चे भी बीमार हुए हैं. उन्होंने बताया कि एक दर्जन से भी अधिक बच्चे बीमार हैं.

वहीं पांकी के चिकित्सा प्रभारी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि कई बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिली है. गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं एंबुलेंस को भेजा गया है. वहीं कई ग्रामीण अपने स्तर से भी बच्चों का इलाज भी करवा रहे हैं. साथ ही इस मामले में जांच भी की जा रही है. इसके अलावा, इस मामले में चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर महेंद्र प्रसाद ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग की वजह से यह हालत हुई है, स्थिति नियंत्रण में है सभी लोगों का इलाज किया जा रहा है, जिनकी स्थिति बेहतर है उन्हें घर भी भेजा गया है. पलामू सिविल सर्जन को भी मामले की जानकारी दी गई है.

मौके पर पहुंचे प्रखंड प्रमुख

मामले की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंचे प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद सांसद प्रतिनिधि सत्य प्रकाश पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अपनी उपस्थिति में मरीजों का इलाज करवाया. वहीं मामले की जानकारी होने के बाद पूरे प्रखंड क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है.  स्वास्थ्य केंद्र में इलाजरत लोगों का हाल-चाल जानने हेतु सैकड़ों लोगों का आना जाना लगा हुआ है.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *