Dhanbad: जिले के भूली ओपी क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक चोर को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. इस घटना में भूली ओपी में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (एसआइ) हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. घायल एसआइ हरिप्रकाश मिश्रा ने बताया कि वह नियमित गश्ती पर निकले थे. इसी दौरान एक संदिग्ध चोर को पकड़कर भूली ओपी लाया गया. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने अपने अन्य साथियों की जानकारी दी. इसके आधार पर पुलिस टीम उसके निशानदेही पर अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए रवाना हुई. उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे चोरों के गिरोह ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया. आरोपितों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी. अचानक हुए हमले में एसआइ हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए. हालांकि पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और घायल अधिकारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.

आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम कर रही छापामारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी भी सक्रिय हो गए. अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और हमले में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई. पुलिस के अनुसार सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मी पर हमला करने और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. हमले में शामिल सभी आरोपितों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ALSO READ : 2017 में दायर क्रिमिनल केस की नहीं मिली फाइल, हाईकोर्ट ने जताई गंभीर नाराजगी


