गिरिडीह : सदर अस्पताल परिसर में मंगलवार को खड़ी 108 एम्बुलेंस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई. शुरुआत में एम्बुलेंस से धुआं निकलता दिखा और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को बुलाया गया.

दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि एम्बुलेंस को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया. शुरुआती जांच में बैटरी में तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है, जबकि असली कारणों की जांच जारी है.

