Hazaribagh: कटकमसांडी प्रखंड की कंचनपुर पंचायत स्थित कंचनपुर गांव में गुरुवार को वज्रपात की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

धान रोपाई की तैयारी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कंचनपुर गांव निवासी बासुदेव महतो (51) और उनकी पत्नी दुलीया देवी (48) धान की रोपाई की तैयारी को लेकर खेत में बिचड़ा उखाड़ रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम में बदलाव आया और हल्की बारिश शुरू हो गई. कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में दोनों पति-पत्नी आ गए और वज्रपात से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए.आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.

पति-पत्नी की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि बासुदेव महतो और दुलीया देवी मेहनतकश किसान थे. दोनों खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, उनकी असमय मौत से गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं.

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक, मुआवजे की मांग
घटना पर कटकमसांडी प्रमुख संगीता देवी, पंचायत समिति सदस्य अंजू बाला, मुखिया पिंकी राणा, उपमुखिया प्रकाश कुशवाहा और समाजसेवी पप्पू कुशवाह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया.उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन से आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की.
ALSO READ: लूट की साजिश के बीच हुआ विवाद, गुस्से में फरसा से उतारा मौत के घाट, तीन आरोपी गिरफ्तार
खराब मौसम में किसानों से सतर्क रहने की अपील
ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों धान रोपाई का काम तेजी से चल रहा है और किसान लगातार खेतों में जुटे हुए हैं. ऐसे में मौसम खराब होने या बादल गरजने की स्थिति में किसानों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए, ताकि वज्रपात जैसी घटनाओं से बचा जा सके.

