Ranchi: असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष (असम) में 3 करोड़ रुपये देने का फैसला किया है. इसके साथ ही राज्य सरकार ने झारखंड के सक्षम लोगों से भी राहत और पुनर्वास कार्यों में आगे आकर सहयोग करने की अपील की है.

मुख्यमंत्री ने असम के मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि बाढ़ की वजह से असम में भारी तबाही हुई है. कई लोगों की जान गई है, हजारों परिवार बेघर हो गए हैं और बड़ी संख्या में लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है. ऐसे समय में असम के लोगों की मदद करना सभी का मानवीय और नैतिक दायित्व है.

पत्र में कहा गया है कि झारखंड सरकार और राज्य की जनता इस कठिन समय में असम के लोगों के साथ खड़ी है. इसी भावना के तहत राज्य सरकार ने 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है.


लोगों से भी सहयोग की अपील, हरसंभव मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के लोग कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और साहस के साथ एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं. उन्होंने मां कामाख्या से प्रार्थना की कि असम जल्द इस आपदा से उबरकर सामान्य स्थिति में लौटे.
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में असम को किसी और तरह की सहायता की जरूरत होगी, तो झारखंड सरकार हरसंभव मदद के लिए तैयार रहेगी. साथ ही असम के सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है.
ALSO READ: रांची: खेत की मेड़ तोड़ने के विवाद में युवक पर चाकू से हमला, सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज

