Ranchi: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. केतारी बगान रेलवे फाटक के पास आयुष कुजूर नामक युवक पर 10-12 अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने का आरोप
इस मामले में आयुष की मां सरोज संगीता कुजूर के बयान पर चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने आयुष को घेर लिया और उसके सीने, गर्दन, हाथ, पीठ और कमर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए.

दोस्तों ने पहुंचाया अस्पताल, RIMS रेफर
प्राथमिकी के अनुसार घटना 2 अगस्त की शाम करीब 5 बजे की है. आयुष अपने दोस्तों के साथ केतारी बगान रेलवे फाटक गया था. वापस लौटने के दौरान 10-12 अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया. हमले के बाद दोस्तों ने गंभीर रूप से घायल आयुष को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया.

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
घायल युवक की मां ने पुलिस से मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ALSO READ: बोकारो: दांतू बाजार टांड़ में भीषण चोरी, ताला तोड़कर लाखों का माल ले उड़े चोर

