Ranchi: कांके प्रखंड के ग्राम कोकदोरो-मदनपुर का मुख्य पथ पर जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. लंबे समय से सड़क पर जमा पानी की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बीच सड़क पर धान की रोपनी कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध जताया.
जलजमाव से घरों से निकलना हुआ मुश्किल
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से रास्ते पर पानी जमा रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जरूरी काम से घर से निकलने वाले लोगों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है.

कई लोगों के पैरों में हुआ संक्रमण
ग्रामीण चंपा उरांव, मास्टर तबरेज़ आलम, वार्ड सदस्य मुमताज अंसारी, रेयाज अंसारी, जमील अख्तर सहित अन्य लोगों ने बताया कि जलजमाव के कारण कई लोगों के पैरों में संक्रमण हो गया है. वहीं आय दिन इस रास्ते से होकर गुजरने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं और अन्य राहगीरों के गिरने की सूचना मिलती है.


