Ranchi: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद का असर अब विधानसभा परिसर में भी साफ दिखाई दे रहा है. डुमरी विधायक जयराम महतो शुक्रवार को विधानसभा पहुंचे तो उनका पहनावा ही चर्चा का विषय बन गया. महतो ने लाल रंग की ऐसी टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर JPSC और JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं से जुड़े सवाल और जांच की मांग लिखी हुई थी. जयराम महतो ने इस अनोखे तरीके से विधानसभा के भीतर और बाहर चल रहे छात्र आंदोलन के मुद्दे को सामने रखने की कोशिश की. उनकी टी-शर्ट पर परीक्षा प्रक्रिया को लेकर कड़े संदेश लिखे थे, जिसमें परीक्षाओं को रद्द करने, दोषियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की CBI-ED से जांच कराने की मांग की गई थी.
T-shirt पर लिखा- ‘परीक्षाएं रद्द करो, दोषियों को गिरफ्तार करो’
विधायक की टी-शर्ट पर खास तौर पर लिखा था कि TDPL द्वारा ली गई JPSC-JSSC की सभी नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द किया जाए. साथ ही कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और मामले की CBI-ED से जांच कराने की मांग भी दर्ज थी. जयराम महतो के इस कदम को JPSC-JSSC आंदोलन के मुद्दे को विधानसभा तक पहुंचाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. पिछले कई दिनों से छात्र परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और पारदर्शिता को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.

ऐसे में विधायक ने पारंपरिक तरीके से बयान देने के बजाय T-shirt के जरिए अपनी बात को सीधे तौर पर सामने रखा. विधानसभा परिसर में लाल टी-शर्ट (T-shirt ) पर लिखे बड़े-बड़े संदेश लोगों का ध्यान खींचते रहे. जयराम महतो का यह अंदाज खास तौर पर इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दे अब राजनीतिक नेताओं के विधानसभा प्रदर्शन का हिस्सा भी बनते जा रहे हैं.

ALSO READ: गुमला : श्मशान घाट की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, नगर परिषद से जांच की मांग

