Ranchi: राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन पिछले 14 दिनों से लगातार जारी है. स्थिति तब और अधिक गंभीर हो गई जब मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र नेता आमरण अनशन पर बैठ गए. अब इस गतिरोध को खत्म करने और सरकार के साथ औपचारिक वार्ता प्रक्रिया शुरू करने के लिए देवेंद्र महतो छात्र संगठन के एक गुट ने सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सूची शासन को सौंप दी है.
जयपाल सिंह स्टेडियम में चल रहे इस आंदोलन को लेकर छात्रों ने दो अलग-अलग टेंट लगा रखे हैं. इनमें से एक टेंट छात्र नेता देवेंद्र महतो के नेतृत्व वाले गुट का है, जबकि दूसरा टेंट अन्य छात्र समूहों का है जो अपनी मांगों को लेकर समानांतर रूप से आंदोलन चला रहे हैं.

14 दिनों से डटे हैं छात्र, आमरण अनशन से बढ़ी हलचल
पिछले दो हफ्तों से अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना दे रहे छात्रों का कहना है कि सरकार की ओर से कोई ठोस पहल न होने के कारण उन्हें आमरण अनशन का रास्ता चुनना पड़ा. लगातार अनशन पर बैठने से कुछ छात्रों का स्वास्थ्य भी प्रभावित होने लगा है.

सात सदस्यीय टीम करेगी सरकार से बात
प्रशासन और सरकार के साथ वार्ता का रास्ता साफ करने के उद्देश्य से एक छात्र गुट ने सात प्रतिनिधियों के नामों का चयन कर सरकार के पास भेजा है. इस सात सदस्यीय टीम में आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रमुख छात्र प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जो शासन के समक्ष अपनी मांगों का खाका रखेंगे.

