Ranchi: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में सरकार ने कदम उठाया है. खेती, किसानी और मजदूरी पर निर्भर आबादी वाले इस क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी को लेकर विधायक आलोक कुमार सोरेन ने विधानसभा में सवाल उठाया था.सरकार की ओर से जवाब देते हुए बताया गया कि दुमका के सिविल सर्जन द्वारा 04 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारगंज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरसडंगाल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धनधरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आसनबनी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसकुली में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है.
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने 20 जुलाई को चिकित्सा पदाधिकारियों के 373 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग को भेज दी है. चिकित्सकों की नियुक्ति के बाद जरूरत के अनुसार पदस्थापन की कार्रवाई की जाएगी.

खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण दिसंबर तक होगा पूरा
सरायकेला-खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विधानसभा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण से जुड़ा सवाल उठाया. इस पर सरकार ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां में जगह की कमी के कारण फिलहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिभंजा में मरीजों को आईपीडी सेवा उपलब्ध कराई जा रही है. झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की रिपोर्ट के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां के निर्माण के लिए उपलब्ध भूमि पर 33 पेड़ थे. निर्माण कार्य शुरू करने से पहले पेड़ों को हटाना आवश्यक था. वन प्रमंडल पदाधिकारी खरसावां द्वारा 22 जनवरी 2025 को पेड़ों को हटाने की अनुमति दी गई. अनुमति मिलने के बाद 28 जनवरी 2025 को निर्माण कार्य शुरू करने का आदेश जारी किया गया. कार्य पूरा करने की निर्धारित तिथि 20 जनवरी 2026 थी, लेकिन निर्माण सामग्री की कमी सहित अन्य कारणों से काम समय पर पूरा नहीं हो सका. वर्तमान में अस्पताल भवन का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. सरकार ने बताया कि 31 दिसंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूरा कर स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा.

तमाड़ स्वास्थ्य केंद्र के लिए नए भवन की तैयारी
तमाड़ विधायक विकास मुंडा के सवाल पर सरकार ने बताया कि सिविल सर्जन कार्यालय, रांची द्वारा संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को सदर अस्पताल रांची में राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद संबंधित कर्मियों को पुनः विरमित कर दिया गया है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमाड़ के भवन निर्माण को लेकर भवन का सर्वे कराया गया है. तकनीकी स्वीकृति प्राप्त प्राक्कलन और जरूरी जांच रिपोर्ट के लिए मुख्य अभियंता, भवन निर्माण विभाग रांची और उपायुक्त रांची से पत्राचार किया गया है. तकनीकी स्वीकृत प्राक्कलन मिलने के बाद प्रशासनिक स्वीकृति के लिए विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा.
अड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का होगा नए सिरे से निर्माण
सिविल सर्जन के पत्र के अनुसार, तमाड़ स्वास्थ्य केंद्र के टीबी विभाग का भवन जर्जर हो चुका है. इसकी जानकारी कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल संख्या-1 रांची को दी गई है. फिलहाल मुख्यमंत्री अस्पताल रख-रखाव योजना मद से भवन की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है. वहीं खूंटी जिले के अड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण को नए सिरे से कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इसके लिए झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, रांची को तकनीकी स्वीकृति प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया है. तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की तैयारी
सरकार ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की कार्रवाई मुख्यमंत्री अस्पताल रख-रखाव योजना मद से की जा रही है. इससे क्षेत्र के मरीजों को जांच की बेहतर सुविधा मिल सकेगी और उन्हें निजी केंद्रों पर निर्भरता कम होगी.
ALSO READ: छात्रों के समूह ने वार्ता के लिए दिए 10 नाम, सीनियर वकील अजित कुमार और ये नाम सूची से हटाए गए

