Chaibasa: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति के मामलों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कराईकेला पंचायत में बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं नियुक्त पेशकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भीषम कुमार द्वारा दिया गया.
विस्तृत जानकारी दी
प्रशिक्षण के दौरान बीडीओ ने दावा एवं आपत्ति से संबंधित आवेदनों की सुनवाई,अभिलेखों के सत्यापन, निर्धारित प्रपत्रों के सही संधारण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पादन की विस्तृत जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने प्रपत्र-6 (नए मतदाता का नाम जोड़ने) एवं प्रपत्र-8 (मतदाता विवरण में संशोधन, स्थानांतरण अथवा अन्य आवश्यक सुधार) की प्रक्रिया पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सभी प्रपत्रों का सही ढंग से परीक्षण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इस अवसर पर बीडीओ भीषम कुमार ने कहा, “मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है. दावा एवं आपत्ति से जुड़े प्रत्येक आवेदन की सुनवाई निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर की जानी चाहिए. सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं नियुक्त पेशकार निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रह सके.” प्रशिक्षण के अंत में उपस्थित सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं नियुक्त पेशकारों की शंकाओं का समाधान किया गया तथा दावा एवं आपत्ति के मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया. इस अवसर पर राजेश कुमार, विजय सिंह जोंकों, सदानंद होता, राजू कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.



