Ranchi: राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अपनी मांगों को लेकर अड़े छात्रों के आंदोलन ने अब एक बड़ा रूप ले लिया है. छात्रों ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि सरकार सिस्टम को बदले. अब इस सिस्टम को नहीं सहेंगे. छात्रों के इस ऐतिहासिक आंदोलन का आज 15वां दिन है. अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले दो सप्ताह से डटे छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. हालांकि, आंदोलनकारी छात्रों और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच लगातार वार्ता का दौर जारी है, लेकिन अब तक किसी भी ठोस निष्कर्ष या सहमति पर नहीं पहुंचा जा सका है. इस सिस्टम से नाराज छात्रों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है.

10 अगस्त को महाजुटान की अपील
आंदोलन की अगुवाई कर रहे छात्र नेताओं ने राज्य के सभी जिलों के अभ्यर्थियों और युवाओं से बड़ी अपील की है कि आगामी 10 अगस्त को झारखंड के कोने-कोने से सभी अभ्यर्थी और बेरोजगार युवा रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे. इस महाजुटान का मुख्य उद्देश्य युवाओं की आवाज को बुलंद करना और मौजूदा JPSC-JSSC परीक्षा प्रणाली में फैले कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होना है. युवाओं का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ नौकरी की नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम को बदलने की है.

शांतिपूर्ण आंदोलन बनेगा देश के लिए मिसाल
आंदोलनकारी छात्रों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनका यह प्रदर्शन पूरी तरह से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है. छात्रों ने मंच से कहा कि हमने पिछले 15 दिनों से पूरी तरह अनुशासन में रहकर अपनी आवाज उठाई है. हमारा यह शांतिपूर्ण आंदोलन पूरे देश के लिए एक मिसाल साबित होगा. हम कानून व्यवस्था को हाथ में लिए बिना, गांधीवादी तरीके से अपनी बात सरकार के सामने रख रहे हैं और इसी शांति की ताकत से हम इस भ्रष्ट व्यवस्था को बदलने में कामयाब होंगे. 10 अगस्त की तैयारी को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

ALSO READ:राहुल गांधी की ‘गूंज’ से पहले प्रयागराज में पोस्टर का शोर, पोस्टरों पर NEET से झारखंड तक सियासी तंज

