Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन का आज 15वां दिन है. आंदोलन के इस चरण में अब देशभर से समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है. इसी क्रम में दिल्ली से पहुंचीं अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने भूख हड़ताल पर बैठे JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान नेहा बोरा ने अभ्यर्थियों की मांगों और आंदोलन की स्थिति को लेकर चर्चा की. उन्होंने कहा कि AISA इस लड़ाई में अभ्यर्थियों के साथ खड़ा है. उनका कहना था कि झारखंड के युवा ही नहीं, बल्कि देशभर के छात्र भी इस आंदोलन को अपना समर्थन दे रहे हैं. जब तक सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक संगठन उनकी आवाज को उठाता रहेगा.

देवी महतो से भी हुई बातचीत
नेहा बोरा ने JLKM की नेत्री देवी महतो से भी बातचीत की. इस दौरान आंदोलन को आगे बढ़ाने और अभ्यर्थियों की मांगों को राजनीतिक स्तर पर उठाने को लेकर चर्चा हुई. नेहा बोरा ने कहा कि वह भाकपा माले के दोनों विधायकों से मुलाकात कर अभ्यर्थियों की समस्याओं को उनके सामने रखेंगी और विधानसभा में भी इन मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा. बता दें भाकपा माले के दो विधायक निरसा से अरूप चटर्जी और सिंदरी से चंद्रदेव महतो हैं.

अरूप चटर्जी पहले ही दे चुके हैं समर्थन
इससे पहले निरसा विधायक अरूप चटर्जी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अभ्यर्थियों से बातचीत कर चुके हैं. उन्होंने उनकी मांगों को सुना और आंदोलन के समर्थन में अपनी स्थिति स्पष्ट की थी. विधायक ने कहा था कि जब तक अभ्यर्थियों की मांगों पर समाधान नहीं होता, तब तक वह उनके साथ खड़े रहेंगे. अरूप चटर्जी विधानसभा में भी अभ्यर्थियों के मुद्दे को उठा चुके हैं. अब AISA की ओर से दोनों विधायकों से संपर्क कर अभ्यर्थियों की मांगों को आगे रखने की पहल से आंदोलन को राजनीतिक मंच पर भी समर्थन मिलने की उम्मीद बढ़ी है.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग: पढ़ाई छोड़ साइकिल ढोने पहुंचे स्कूली बच्चे, व्यवस्था पर उठे सवाल

