Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन अब और तेज होने वाला है. JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने 10 अगस्त को रांची में विधानसभा घेराव और मार्च का ऐलान किया है. संगठन ने छात्रों से बड़ी संख्या में रांची पहुंचने की अपील की है. मंच की ओर से सोशल मीडिया पर जारी सूचना में कहा गया है कि छात्र 8 और 9 अगस्त से ही बस और ट्रेन के माध्यम से रांची पहुंचना शुरू कर दें. संगठन ने दावा किया है कि 10 अगस्त को प्रशासन की ओर से छात्रों को रांची आने से रोका जा सकता है. इसी वजह से छात्रों से पहले ही रांची पहुंचने की अपील की गई है.

हजारीबाग से बसें रोके जाने का दावा
मंच की ओर से दावा किया गया है कि आंदोलन शुरू होने के दौरान हजारीबाग से आने वाली 10 से अधिक बसों को पहले ही रोका गया था. संगठन ने इसी का हवाला देते हुए छात्रों से 10 अगस्त से पहले रांची पहुंचने को कहा है.


24 जिलों से छात्रों को जुटाने की तैयारी
रिफॉर्म मंच ने राज्य के सभी 24 जिलों से छात्रों को रांची लाने की अपील की है. पोस्ट में शिक्षकों और लाइब्रेरी संचालकों से भी छात्रों को आंदोलन में शामिल होने के लिए रांची पहुंचाने की अपील की गई है. संगठन का कहना है कि छात्र और अभिभावक अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचें. आंदोलन में शामिल होने वाले छात्रों के लिए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में रहने और भोजन की व्यवस्था किए जाने की बात भी पोस्ट में कही गई है.

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम होगा जुटान स्थल
आंदोलन में शामिल होने वाले छात्रों का जुटान जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, रांची में होगा. इसके बाद 10 अगस्त को विधानसभा घेराव और मार्च का कार्यक्रम प्रस्तावित है.
AlsoRead:PM मोदी से राघव चड्ढा की मुलाकात, पंजाब चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज

