Koderma: कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन (KDCA) के चुनाव को लेकर शनिवार को चंदवारा स्थित महादेवम होटल में चुनाव अधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता रंजीत दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित नियमों के तहत कराया जाएगा.

शिकायतों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
उन्होंने बताया कि 5 से 7 अगस्त 2026 तक चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी आपत्तियां और शिकायतें दर्ज करने का समय दिया गया था. अंतिम दिन प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार विचार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मीडिया में आरोप लगाने पर जताई आपत्ति
रंजीत दुबे ने कहा कि चुनाव से संबंधित सभी जानकारियां जेएससीए को उपलब्ध करा दी गई हैं. निर्धारित प्रक्रिया अपनाने के बजाय मीडिया के माध्यम से आरोप लगाना उचित नहीं है.

संस्थाओं से मांगी जानकारी
उन्होंने मताधिकार प्राप्त सभी स्कूलों, क्लबों और सदस्यों से दो दिनों के भीतर अपनी संस्था के लेटर पैड पर अध्यक्ष और सचिव का नाम उपलब्ध कराने की अपील की. जिन संस्थाओं ने पहले ही जानकारी दे दी है, उन्हें दोबारा जमा करने की आवश्यकता नहीं है.
पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
चुनाव अधिकारी ने कहा कि सभी आवश्यक जानकारियां मिलने के बाद चुनाव प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा तथा चुनाव से जुड़ी सभी सूचनाएं पारदर्शी तरीके से साझा की जाती रहेंगी.

