Seraikela:भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत 8 अगस्त 2026 को सरायकेला-खरसावां जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम एवं अन्य मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन तथा मतदान केंद्र परिवर्तन आदि से संबंधित आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराना था.

BLO ने प्राप्त किए फॉर्म-6 और फॉर्म-8
विशेष शिविर के दौरान मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा उपस्थित नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई. पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 प्राप्त किए गए. फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा फॉर्म-8 के जरिए मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन, स्थानांतरण अथवा संबंधित अन्य सेवाओं के लिए आवेदन लिए गए. नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं ऑनलाइन आवेदन के संबंध में भी जानकारी दी गई.

अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा
शिविर के दौरान संबंधित क्षेत्रों के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया. इस दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, BLO की उपस्थिति, प्राप्त हो रहे आवेदनों तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया. पदाधिकारियों ने शिविर की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां, श्रीमती पारुल सिंह ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे विशेष शिविर की गतिविधियों की जानकारी ली तथा प्राप्त किए जा रहे फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं BLO से शिविर में उपस्थित नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील
विशेष शिविर के दौरान नागरिकों को बताया गया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता के लिए आवश्यक है. जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. वहीं मतदाता सूची में नाम, पता, मतदान केंद्र अथवा अन्य विवरण में आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है.
8 और 9 अगस्त को आयोजित किए गए विशेष शिविर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां, श्री नितिश कुमार सिंह ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 8 एवं 9 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया है. इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर विशेष शिविर का लाभ उठाएं और अपने एवं अपने परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करें. साथ ही, जिन मतदाताओं के विवरण में किसी प्रकार का संशोधन अपेक्षित है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें.
ALSO READ: संघर्ष से सफलता की नई इबारत: राहिल हेम्ब्रम ने हौसले से बदली अपनी तकदीर

