Ranchi: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के बयान पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह ने पलटवार किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजयुमो छात्रों के रोजगार से जुड़े आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है. ऋषिकेश सिंह ने कहा कि छात्रों ने अपना मंच किसी राजनीतिक दल को नहीं दिया है. इसी वजह से भाजयुमो आंदोलन को अपने तरीके से प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन रोजगार, परीक्षा में पारदर्शिता और अपने भविष्य को लेकर है, इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए.

आंदोलन को मुद्दे से भटकाने की कोशिश
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजयुमो कभी खाने-पीने के विवाद, कभी धार्मिक मुद्दों और अब विधानसभा घेराव के समर्थन के जरिए आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है. उनका कहना है कि छात्रों की असली मांगों पर चर्चा करने के बजाय आंदोलन को जाति, धर्म और राजनीतिक विवादों में उलझाना ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजयुमो को छात्रों का प्रवक्ता बनने के बजाय उनकी मांगों पर तथ्य के साथ बात करनी चाहिए.

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC पेपर लीक के विरोध में छात्रों का हंगामा, CM आवास घेराव के दौरान पुलिस से झड़प

सरकार ने बातचीत का रास्ता अपनाया: कांग्रेस
ऋषिकेश सिंह ने भाजयुमो के उस आरोप को भी खारिज किया, जिसमें सरकार पर छात्रों के बीच फूट डालने की कोशिश करने की बात कही गई थी. उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों से बातचीत के लिए समिति बनाई है. उनके अनुसार, स्टेट गेस्ट हाउस में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और NSUI के प्रतिनिधियों के साथ मंत्रियों की बैठक भी हुई थी. बैठक में छात्रों की मांगों को सुना गया और उनका मांग-पत्र लिया गया. कांग्रेस ने इसे सरकार की ओर से बातचीत की पहल बताया
14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने की मांग
ऋषिकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने JPSC की 14वीं परीक्षा रद्द करने, संदिग्ध परीक्षाओं की निष्पक्ष CID/SIT जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. इसके साथ ही JPSC और JSSC की पूरी परीक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताई गई है. उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामले में सरकार को गंभीरता से फैसला लेना चाहिए और परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना चाहिए.
पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दे भाजपा
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर भाजयुमो को वास्तव में छात्रों की चिंता है तो वह आंदोलन को राजनीतिक अखाड़ा बनाने के बजाय छात्रों की मांगों पर बात करे. उन्होंने भाजपा से उसके शासनकाल में हुई भर्ती परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े मामलों का भी हिसाब देने को कहा.

