Ranchi: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव स्थान में ‘सखुआ महोत्सव-2026’ का उद्घाटन किया. रांची नगर निगम की ओर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने लोगों से पर्यावरण बचाने के लिए पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की.

राज्यपाल ने कहा कि हर नागरिक कम से कम एक पौधा लगाए और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल का संकल्प ले. उन्होंने रांची नगर निगम की ओर से शहर के सभी 65 वार्डों में करीब एक लाख सखुआ के पौधे लगाने के संकल्प की सराहना की.

सखुआ झारखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा
उन्होंने कहा कि सखुआ झारखंड की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और जनजातीय पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है. झारखंड के लिए जल, जंगल और जमीन सिर्फ संसाधन नहीं, बल्कि जीवन और संस्कृति से जुड़े हैं. इसलिए इनका संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है.

पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और जल संकट जैसी समस्याओं से जूझ रही है. ऐसे में सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को बचाकर बड़ा करना भी जरूरी है. उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से सखुआ महोत्सव को जन-अभियान बनाने की अपील की.
ALSO READ: आदित्य साहू का हेमंत सरकार पर हमला, बोले– CBI जांच से क्यों डर रही सरकार?

