Jamtara: 23वें गणेश महोत्सव को लेकर रविवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में विधि-विधान के साथ खुटा पूजा का आयोजन किया गया. पंडित रामानंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर खुटा स्थापित कराया. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया.
गणेश महोत्सव की तैयारियों की हुई शुरुआत
गणेश पूजा महोत्सव समिति के सदस्यों ने बताया कि आगामी 14 सितंबर से गांधी मैदान में गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना, आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए भव्य मेले का भी आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
खुटा पूजा के साथ शुरू हुआ पंडाल निर्माण
पंडित रामानंद पांडे ने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता माना जाता है. किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत से पहले भगवान गणेश की पूजा करने की परंपरा है. इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष गांधी मैदान में भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसमें जिलेभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि खुटा पूजा संपन्न होने के साथ ही आज से पंडाल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा. समिति की ओर से इस वर्ष भी भव्य और आकर्षक पंडाल तैयार कराने की तैयारी है.
बंगाल के कारीगर बनाएंगे भव्य पंडाल
आयोजन समिति ने बताया कि इस बार पंडाल को विशेष रूप से आकर्षक बनाने के लिए बंगाल के कारीगरों को आमंत्रित किया जा रहा है. पंडाल निर्माण को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और समिति के सदस्यों में उत्साह का माहौल है.
श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल
गणेश महोत्सव को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया है. श्रद्धालु महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर उत्साहित हैं और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
