Jamtara: जिले के नारायणपुर प्रखंड की पबिया पंचायत के रायडीह गांव में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आस्था और श्रद्धा के साथ दुबे बाबा की पूजा-अर्चना की जा रही है. पूजा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है. दुबे बाबा के मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है. पूजा का अनुष्ठान पुजारी रंजीत सिंह द्वारा संपन्न कराया जा रहा है. सुबह से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी है. बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर दुबे बाबा की पूजा कर रहे हैं और सुख-समृद्धि व परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं.
गांवों में भक्तिमय माहौल बना
पूजा को लेकर रायडीह समेत आसपास के गांवों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार, दुबे बाबा के प्रति लोगों की गहरी आस्था है. हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करते हैं. आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी हुई है.

