Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में बालू की भारी किल्लत को लेकर भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पवन शंकर पांडेय ने झारखंड सरकार से तत्काल उचित कदम उठाने की मांग की है. उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिले में बालू की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है. पत्र में कहा गया है कि वर्तमान समय में जिले में बालू की घोर किल्लत देखने को मिल रही है. NGT के नियमों के अनुसार बालू खनन पूरी तरह बाधित है. वहीं, प्रशासन की ओर से विकास योजनाओं के कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने का निर्देश दिया जाता है. ऐसे में बालू उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, पुल-पुलिया, पीसीसी सड़क, गार्डवाल सहित अन्य विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं.
संवेदकों को करना पड़ रहा काफी परेशानियों का सामना
पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने पत्र में आगे कहा है, कि बालू की अनुपलब्धता के कारण संवेदकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. समय पर विकास कार्य पूरा नहीं होने पर संवेदकों पर आर्थिक दंड लगाए जाने की स्थिति उत्पन्न हो रही है. इससे जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा आ रही है. पवन शंकर पांडेय ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जिले में उत्पन्न बालू संकट की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग एवं प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि नियमानुसार बालू की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके और जिले के विकास कार्य बाधित न हों. उन्होंने कहा कि बालू की समस्या का जल्द समाधान होने से आवास निर्माण समेत विभिन्न विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी और आम लोगों को भी राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें: विधानसभा के बाहर छात्रों से मिले JLKM के डुमरी विधायक जयराम महतो, आंदोलन को लेकर की बातचीत
