Giridih: सरिया प्रखंड अंतर्गत छोटकी सरिया गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात समेत करीब सात लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द चोरों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है.घटना के संबंध में गृहस्वामी राजू मंडल ने बताया कि चोरों ने उनके पुत्र अनु राज मंडल के कमरे को बाहर से बंद कर दिया था. इसके बाद चोरों ने अलमारी और एक छोटे बक्शे को तोड़कर उसमें रखी नकदी और कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया.

चोरी की जानकारी परिवार को रात करीब ढाई बजे हुई
राजू मंडल के अनुसार अलमारी में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद समेत अन्य आभूषण और कीमती सामान चोरी हुआ है, जिसकी कुल कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई जा रही है.चोरी की जानकारी परिवार को रात करीब ढाई बजे हुई. बताया गया कि अनु राज मंडल ने फोन कर चोरी की सूचना दी.इसके बाद राजू मंडल घर पहुंचे तो देखा कि उनके बेटे का कमरा बाहर से बंद था, जबकि दूसरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर घर से गायब छोटा बक्शा घर के बाहर खेत में पड़ा मिला.परिजनों के अनुसार सुबह उठने के बाद अनु राज मंडल ने तेज सिरदर्द की शिकायत की.
नशीले पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल कर चोर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार
इसी आधार पर परिवार ने आशंका जताई कि चोरों ने कमरे में किसी नशीले पदार्थ या स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा, जिससे घर के लोग गहरी नींद में रहे और चोर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए. हालांकि, नशीले पदार्थ के इस्तेमाल की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है.घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : जमशेदपुर: परसुडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 510 ग्राम गांजा के साथ एक गिरफ्तार,
