Sraikela: नीमडीह थाना क्षेत्र के झीमरी-सांखा नदी अंडरपास के पास झाड़ी में पेड़ से लटका मिला सड़ा-गला शव की पहचान हो गई है. मृतक की पहचान परमेश्वर डे उर्फ परमेश्वर डे (43 वर्ष) के रूप में हुई है. वे तारापदो डे के पुत्र थे और ग्राम, पोस्ट व थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो के निवासी थे.
दुर्गंध से हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार रविवार को स्थानीय लोगों को झाड़ी की ओर से तेज दुर्गंध आने पर संदेह हुआ. जांच करने पर लोगों ने एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका देखा. इसके बाद नीमडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था, जिसके कारण पहले पहचान नहीं हो पाई थी. रविवार रात करीब 10 बजे शव को नीमडीह थाना परिसर लाया गया था. बाद में पुलिस की जांच और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान हुई.
बंगलौर से लौटते समय थे लापता
परिजनों ने बताया कि परमेश्वर डे मजदूरी का काम करते थे. काम की तलाश में वे बंगलौर गए थे. वहां काम नहीं मिलने के कारण घर वापस आते समय वे लापता हो गए थे. परिजनों के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे.
पुलिस ने शुरू की जांच
पेड़ से शव लटका मिलने के कारण प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. नीमडीह थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन जारी है.
