Lohardaga: लोहरदगा के ढोढ़ा टोली स्थित JH हर्बो शाइन कार्यालय परिसर में आगामी 13 अगस्त को मेगा रक्तदान शिविर एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. इस आयोजन का उद्देश्य एक ओर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना है, वहीं दूसरी ओर जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है.
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में लोहरदगा उपायुक्त संदीप कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी शामिल होंगे. इसके अलावा जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रहेगी.
मेधावी विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान JAC, CBSE एवं ICSE बोर्ड की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा. आयोजकों का मानना है कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य छात्र भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं.
JH हर्बो शाइन के CMD डॉ. शाहनवाज अहमद ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, शिक्षा और मानवता की भावना को मजबूत करना भी है. उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है. एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं. यदि समाज में शिक्षित और स्वस्थ नागरिक होंगे, तभी विकास की गति तेज होगी. इसी सोच के साथ जेएच हर्बो शाइन लगातार सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है. संस्था आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में वर्षों से कार्य कर रही है और हजारों लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं सेवाएं पहुंचा चुकी है.
रक्तदाताओं के लिए स्वास्थ्य जांच और जलपान की व्यवस्था
डॉ. शाहनवाज अहमद ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान शिविर में भाग लेकर मानव सेवा के इस पुनीत अभियान का हिस्सा बनें. साथ ही मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए सम्मान समारोह में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे कार्यक्रम सफल होते हैं और सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त होता है.
कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए संस्था के डायरेक्टर इम्तियाज अहमद एवं मैनेजर इश्तियाक अहमद ने बताया कि रक्तदान शिविर के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं. रक्त संग्रह के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी. आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था के साथ-साथ रक्तदाताओं के लिए स्वास्थ्य जांच, विश्राम एवं जलपान की विशेष सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, ताकि रक्तदाता पूरी सुरक्षा और सहजता के साथ रक्तदान कर सकें. उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह के लिए चयनित छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को आमंत्रण भेजा जा रहा है. कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी.
आयोजकों ने जिले के युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. उनका कहना है कि यह आयोजन केवल एक रक्तदान शिविर या सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है. ऐसे आयोजनों से सामाजिक सहभागिता मजबूत होगी, रक्तदान के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ेगा और मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी.
ALSO READ: चाईबासा: जिला जनगणना हस्तपुस्तिका-2027 कार्य के तहत 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत
