Palamu: नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय शिक्षिका रेखा गुप्ता की बदाने (हड़ियाही) डैम में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मेदिनीनगर भेज दिया है.
जीजा और भांजी के साथ गई थी घूमने
जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार थाना से करीब दो किलोमीटर दूर पुरानी थाना रोड निवासी प्रमोद गुप्ता की पुत्री रेखा गुप्ता अपने जीजा भूषण गुप्ता और उनकी बच्ची के साथ बदाने डैम घूमने गई थी. इसी दौरान वह डैम के पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
निजी स्कूल में थी शिक्षिका
परिजनों ने बताया कि रेखा गुप्ता एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी. वह अपने शांत स्वभाव और व्यवहार के कारण परिवार व आसपास के लोगों के बीच काफी प्रिय थी. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
दो दिन पहले अनाथ आश्रम जाने की जताई थी इच्छा
मृतका की मां ने बताया कि दो दिन पहले रेखा ने अनाथ आश्रम जाने की इच्छा जताई थी और इसके लिए पैसों की मांग भी कर रही थी. परिवार के लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया. बाद में उसने बदाने डैम घूमने जाने की बात कही, जिसके बाद परिवार ने उसे अपने दामाद भूषण गुप्ता के साथ भेज दिया.
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
