Jamtara : झारखंड बंद के आह्वान का जामताड़ा जिले में मंगलवार सुबह तक कोई खास असर देखने को नहीं मिला. जिले के प्रमुख बाजारों में दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं और सड़कों पर भी आम दिनों की तरह लोगों की आवाजाही जारी रही. हालांकि, BJP कार्यकर्ताओं के दोपहर करीब 12 बजे सड़क पर उतरकर दुकानदारों से बंद के समर्थन में प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करने की जानकारी है.
छात्र-छात्राओं ने किया रांची में विधानसभा घेराव का प्रयास
बताया जा रहा है कि सोमवार को JPSC और JSSC से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र-छात्राओं ने रांची में विधानसभा घेराव का प्रयास किया था. इस दौरान पुलिस द्वारा छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने की घटना से BJP में आक्रोश है. BJP ने पुलिस कार्रवाई को लेकर विरोध जताते हुए झारखंड बंद का आह्वान किया है.
इसी क्रम में जामताड़ा में भी BJP कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने के लिए दोपहर 12 बजे के बाद बाजारों में पहुंचेंगे और दुकानदारों और व्यवसायियों से बंद में सहयोग की अपील करेंगे. फिलहाल सुबह के समय बंद का जिले में कोई व्यापक प्रभाव नजर नहीं आया है. बंद को लेकर प्रशासन और पुलिस भी सतर्क है. प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है. दोपहर बाद BJP कार्यकर्ताओं के सड़क पर उतरने के बाद बंद का वास्तविक असर स्पष्ट होने की संभावना है.
