Ranchi: विधानसभा घेराव के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद रांची सदर अस्पताल के ICU में भर्ती JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो का स्वास्थ्य अब पहले से बेहतर बताया जा रहा है. इसी बीच देर रात CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने वीडियो कॉल के जरिए उनसे बातचीत की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना. बातचीत के दौरान अभिजीत दीपके ने देवेंद्र नाथ महतो के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया.
प्रदर्शन के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
दरअसल, JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं. इसी आंदोलन के समर्थन में देवेंद्र नाथ महतो भी भूख हड़ताल पर बैठे थे. स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के बावजूद वह छात्रों के विधानसभा घेराव कार्यक्रम में पहुंचे. प्रदर्शन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल रांची सदर अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया.
ऑक्सीजन मास्क हटाया गया, डॉक्टरों की निगरानी जारी
अस्पताल में भर्ती देवेंद्र नाथ महतो की हालत में फिलहाल सुधार है. उनकी स्थिति बेहतर होने के बाद ऑक्सीजन मास्क हटा दिया गया है. हालांकि, डॉक्टरों ने अभी उन्हें आईसीयू में ही रखने का फैसला किया है. चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है. देवेंद्र नाथ महतो के अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद छात्र आंदोलन को लेकर समर्थन और राजनीतिक हलचल जारी है.
