Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने देर रात अचानक रांची सदर अस्पताल का दौरा किया. खास बात यह रही कि मंत्री बिना किसी प्रोटोकॉल और सुरक्षा घेरे के अस्पताल पहुंचे. वे बिना बॉडीगार्ड के आम लोगों के बीच पहुंचे, जिसके चलते शुरुआत में अस्पताल में मौजूद कई लोग उन्हें पहचान भी नहीं सके. अस्पताल पहुंचने के बाद मंत्री ने आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो समेत अन्य युवाओं से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. अनशन के कारण तबीयत बिगड़ने के बाद देवेंद्र नाथ महतो को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. उनकी देखरेख और इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड भी बनाया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है.
मरीजों से पूछा- इलाज में कोई परेशानी तो नहीं
देवेंद्र नाथ महतो का हाल जानने के बाद स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में पहुंचे. उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत की और इलाज से जुड़ी परेशानियों के बारे में पूछा. मरीजों ने भी मंत्री को अस्पताल में मिल रही सुविधाओं, दवाओं, जांच और इलाज से जुड़ी अपनी बातें बताईं. मंत्री ने अस्पताल में दवा, जांच और इलाज की व्यवस्था का भी जायजा लिया. मरीजों को मिल रही सुविधाओं पर उन्होंने संतोष जताया और डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यशैली की सराहना की.

कर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील रहने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने अस्पताल के कर्मचारियों को मरीजों के साथ अच्छे व्यवहार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इलाज कराने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और मरीजों के इलाज में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर जयराम महतो का सरकार पर हमला, बोले- छात्रों पर लाठीचार्ज शासन की विफलता
