Ranchi: धुर्वा स्थित पुरानी विधानसभा के पास विधानसभा घेराव के लिए प्रदर्शन कर रही ABVP की एक महिला कार्यकर्ता अचानक बेहोश होकर गिर गई. महिला सुरक्षाबलों ने भीड़ के बीच से उसे बाहर निकाला. घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
महिला सुरक्षाबलों ने भीड़ से निकाला
महिला कार्यकर्ता के बेहोश होकर गिरने के बाद महिला सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे भीड़ से बाहर निकाला. मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ता भी उसकी मदद के लिए आगे आए.
प्रदर्शनकारियों को बस में बैठा रहा प्रशासन
इधर, विधानसभा घेराव के लिए जुटे ABVP कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने डिटेन करना शुरू कर दिया है. कई कार्यकर्ताओं को बस में बैठाया जा रहा है, ताकि उन्हें मौके से हटाया जा सके. हालांकि कार्यकर्ता पुलिस की बस को आगे बढ़ने नहीं दे रहे हैं.
सड़क पर लेटकर किया प्रदर्शन
डिटेन किए जाने के विरोध में ABVP कार्यकर्ताओं ने पुरानी विधानसभा के समीप सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं के सड़क पर बैठने और लेटने के कारण जगन्नाथपुर थाना से लेकर पुरानी विधानसभा तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है.
पुलिस और कार्यकर्ताओं में हल्की नोकझोंक
कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर ले जाने की तैयारी के दौरान पुलिस और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई. पुलिस प्रदर्शनकारियों को हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है, जबकि कार्यकर्ता बस को आगे बढ़ने से रोक रहे हैं.
विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे थे कार्यकर्ता
पूर्व में हुए लाठीचार्ज के विरोध में ABVP की ओर से विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें शामिल होने के लिए राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता रांची पहुंचे हैं. पुरानी विधानसभा के समीप पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया है.
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए पुरानी विधानसभा और आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटा है.
