Chaibasa: छोटे से कस्बे जैंतगढ़ की बेटियां लगातार शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं. इसी क्रम में जैंतगढ़ निवासी शम्मा बानो और एन. अहमद की बेटी लिजा शमीम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. लिजा ने ओडिशा के चंपुआ प्रखंड स्तरीय इंग्लिश स्पीच प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर जैंतगढ़ का नाम रोशन किया है. लिजा ने प्रतियोगिता में “Is Watching Television a Waste of Time?” विषय पर प्रभावशाली तरीके से अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया. उसके आत्मविश्वास, प्रस्तुति और विचारों से निर्णायक प्रभावित हुए और उसे प्रतियोगिता में पहला स्थान मिला. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंपुआ के नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान लिजा शमीम को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा.
एक साल में कई उपलब्धियां हासिल कीं
लिजा की सफलता का सिलसिला केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है. पिछले एक वर्ष के दौरान उसने शैक्षणिक और विभिन्न प्रतियोगिताओं में करीब आधा दर्जन पुरस्कार और सम्मान हासिल किए हैं. लिजा चंपुआ स्थित केरल इंग्लिश मीडियम स्कूल की कक्षा सातवीं की छात्रा है. कक्षा छठी से ही उसने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया और लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई उपलब्धियां अपने नाम कीं.
ओलंपियाड में भी दिखाया शानदार प्रदर्शन
लिजा ने SOF के IC SO ओलंपियाड में अपनी कक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पूरे विद्यालय में वह तीसरे स्थान पर रही. इस उपलब्धि के लिए संस्था की ओर से उसे मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान 15 अगस्त 2025 को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में हुई इंग्लिश स्पीच प्रतियोगिता में भी लिजा ने अनुमंडल स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया था. इसी अवधि में उसने USO National Olympiad में टॉपर बनने की उपलब्धि हासिल की. वहीं Green Olympiad की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और NSO Science प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए उसने प्रमाण पत्र और सम्मान हासिल किए.
अनुशासित पढ़ाई को सफलता का मंत्र मानती हैं लिजा
लगातार मिल रही सफलता के बारे में लिजा का कहना है कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और मेहनत ही उनके लिए सफलता की कुंजी है. उनका मानना है कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखना बेहद जरूरी है. लिजा ने अपनी उपलब्धियों का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और भाई को दिया. उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों के लगातार सहयोग और मार्गदर्शन से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.
क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
लिजा शमीम की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ जैंतगढ़ और आसपास के लोगों में भी खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने लिजा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. लोगों का कहना है कि लिजा की सफलता जैंतगढ़ की दूसरी बेटियों को भी शिक्षा और प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.
ALSO READ: बच्चों के साथ क्वालिटी टाइम बिताना क्यों जरूरी? इन आसान तरीकों से बनाएं रिश्ते और मजबूत
