Cricketer arrested: दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल खेलने वाले बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को एक आपराधिक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है. एक मेडिकल छात्रा ने अभिषेक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के साथ मारपीट और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस के मुताबिक, क्रिकेटर को दम दम थाना क्षेत्र स्थित इमामी सिटी से गिरफ्तार किया गया. हुगली के पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह ने बताया कि पोरेल को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले जून में एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोरेल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसके साथ मारपीट तथा आपराधिक धमकी दी.
महिला का दावा- अभिषेक पोरेल 3 सालों से रिश्ते में थे
शिकायत के अनुसार, महिला का दावा है कि वह और अभिषेक पोरेल करीब तीन वर्षों से रिश्ते में थे. हालांकि, पिछले साल दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए. महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद पोरेल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी. महिला के मुताबिक, पोरेल ने उससे शादी करने का वादा किया था, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी का भरोसा देकर पोरेल ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. महिला ने क्रिकेटर पर मारपीट और आपराधिक धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं.
यह भी पढ़ें: नेहा बोरा पर स्याही फेंकने वाले अमरनाथ पांडेय को मिली बेल
HC ने गिरफ्तार करने का दिया था निर्देश
मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने पुलिस को क्रिकेटर को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पोरेल को गिरफ्तार किया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई थी. वहीं, अभिषेक पोरेल पूर्व में अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार कर चुके हैं.
