Hazaribagh : बरही चौक पर बढ़ते यातायात दबाव और आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने झारखंड विधानसभा में बाईपास सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया है. विधायक ने देवचंदा मोड़ से गौरियाकरमा होते हुए चौपारण तक बाईपास बनाने की मांग सरकार के समक्ष रखी है. ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से विधायक ने कहा कि बरही चौक पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है. इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती है. उन्होंने बरही-हजारीबाग फोरलेन को बरही-चौपारण मार्ग से जोड़ने के लिए देवचंदा मोड़ से गौरियाकरमा होते हुए चौपारण तक वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की.
विधानसभा में सरकार की ओर से दिये गये जवाब में बताया गया कि बरही-चौपारण पथांश राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-19 का हिस्सा है और यह सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन है. वर्तमान में NH-19 के चोरदाहा-गोरहर पथखंड का छह लेन में निर्माण और उन्नयन NHAI द्वारा कराया जा रहा है. इस परियोजना में बरही बाईपास का कार्य भी शामिल है. सरकार के अनुसार, छह लेन परियोजना पूरी होने के बाद बरही चौक पर वाहनों का यातायात दबाव कम होने की संभावना है. इससे जाम की समस्या में भी काफी कमी आने की उम्मीद है.
NHAI से कार्रवाई का अनुरोध
विधायक की मांग को ध्यान में रखते हुए पथ निर्माण विभाग ने विभागीय पत्रांक 3468(स), दिनांक 10 अगस्त 2026 के माध्यम से देवचंदा मोड़ से गौरियाकरमा होते हुए चौपारण तक बाईपास निर्माण की मांग पर आवश्यक कार्रवाई के लिए NHAI के क्षेत्रीय पदाधिकारी से अनुरोध किया है. विभाग ने स्थानीय परिस्थितियों और तकनीकी व्यवहार्यता को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित बाईपास की संभावना पर कार्रवाई करने का आग्रह किया है.
विधानसभा में मामला उठाये जाने और पथ निर्माण विभाग की ओर से NHAI को पत्र भेजे जाने के बाद क्षेत्र में बाईपास निर्माण की उम्मीद जगी है. अब लोगों की नजर एनएचएआई की तकनीकी व व्यवहार्यता जांच और आगे की कार्रवाई पर है. बाईपास बनने से बरही चौक से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होने और बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है.
Also Read : 8.92 लाख मतदाताओं की सूची का होगा सत्यापन, SIR-2026 को लेकर सरायकेला प्रशासन अलर्ट
