Ranchi: झारखंड विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मंगलवार को उस समय सियासी माहौल गरमा गया, जब बीजेपी विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह ने सदन के भीतर नोटों की गड्डी लहराई. विपक्षी विधायक के इस कदम के बाद सत्ता पक्ष के मंत्री और विधायक विरोध में उतर आए और विधानसभा में जोरदार हंगामा शुरू हो गया. छात्रों के आंदोलन और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पहले से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तनातनी चल रही थी. ऐसे में सदन के भीतर नोटों की गड्डी दिखाए जाने से राजनीतिक टकराव और तेज हो गया.
नोटों की गड्डी दिखाकर सरकार पर निशाना
कार्यवाही के दौरान सीपी सिंह ने हाथ में नोटों की गड्डी लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए. उनके इस कदम के बाद सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई. देखते ही देखते सदन में हंगामा बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी. बीजेपी की ओर से इसे सरकार के खिलाफ विरोध के तौर पर पेश किया गया, जबकि सत्ता पक्ष ने नोटों की गड्डी लहराए जाने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा.
मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर किया तीखा हमला
सीपी सिंह के इस कदम पर मुख्यमंत्री ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया. मुख्यमंत्री ने सदन में तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि “व्यापारियों की जमात से ताल्लुक रखने वाले इन लोगों की जेबों में नोटों के बंडल भरे पड़े हैं.”मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बेहिसाब काले धन और नोटों के बंडलों के दम पर लोकतंत्र को खरीदने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं और उनके चहेतों के घरों में नोटों के बंडल पड़े हुए हैं.
‘लोकतंत्र को खरीदने की कोशिश’
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए आरोप लगाया कि नोटों की ताकत के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राजनीति में धन के इस्तेमाल के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती.मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर राजनीतिक फायदे के लिए धार्मिक स्थलों को भी नहीं छोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए मंदिरों तक को राजनीति में इस्तेमाल किया जा रहा है.
छात्रों के मुद्दे पर पहले से गरम है विधानसभा
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के आंदोलन को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक बयानबाजी जारी है. विपक्ष सरकार पर युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठा रहा है, जबकि सत्ता पक्ष विपक्ष के आरोपों का लगातार जवाब दे रहा है.इसी बीच विधानसभा में नोटों की गड्डी लहराने की घटना ने राजनीतिक विवाद को और हवा दे दी. मंगलवार की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे का माहौल बना रहा.
ALSO READ: रेलवे कर्मियों की वरीयता मामला: CAT का आदेश HC ने किया रद्द, केस दोबारा ट्रिब्यूनल को भेजा
