Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में मंगलवार को आयोजित “हम आपको सुनते हैं” कार्यक्रम (लोक संवाद) में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना. कार्यक्रम में प्राप्त 45 आवेदनों पर क्रमवार सुनवाई करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होना चाहता है सोनू
इसी क्रम में सेक्टर-1सी निवासी सोनू मिश्रा ने रांची में आयोजित होने वाले 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026-27 में कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने की इच्छा उपायुक्त के समक्ष रखी. सोनू ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने का आग्रह किया. मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून को संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक से समन्वय स्थापित करने और सोनू मिश्रा के आवश्यक प्रपत्र भरवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीसी के निर्देश के बाद सोनू के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होने की राह आसान हुई है.
45 आवेदनों पर हुई सुनवाई
लोक संवाद कार्यक्रम में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, विद्युत, बीएसएल, डीपीएलआर, आपूर्ति, कल्याण और विभिन्न अंचल कार्यालयों से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई हुई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया.
आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन रिस्पॉन्सिव और नागरिक केंद्रित प्रशासन की अवधारणा के अनुरूप कार्य कर रहा है. नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सीएसआर नोडल शक्ति कुमार, परियोजना पदाधिकारी मानिक चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
ALSO READ: CBSE ईस्ट जोन शूटिंग में चतरा की मन्नत ने जीता गोल्ड मेडल
