Bokaro: आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, भव्य और गरिमामय आयोजन को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की. दोनों अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी अब तक की तैयारियों की क्रमवार और बिंदुवार समीक्षा की तथा शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया.
समारोह स्थल की तैयारियों की ली जानकारी
उपायुक्त ने सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों की जानकारी ली. इस दौरान मैदान के समतलीकरण, मोरम बिछाने, मंच, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, विद्युत और अन्य आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
परेड और पूर्वाभ्यास की समीक्षा
बैठक में परेड और मार्च पास्ट की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. संबंधित पदाधिकारियों से प्लाटून की तैयारी और पूर्वाभ्यास की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने बेहतर अनुशासन और समन्वय सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने मुख्य समारोह के दौरान सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और प्रवेश-निकास व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात प्रबंधन को लेकर पहले से सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
साफ-सफाई और ध्वजारोहण व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने समारोह स्थल के साथ-साथ सभी सरकारी कार्यालय परिसरों में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप ध्वजारोहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अन्य तैयारियों की भी हुई बिंदुवार समीक्षा
बैठक में मंच व्यवस्था, आमंत्रण, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों की भी क्रमवार समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने को कहा.
पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा
बैठक में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई. उपायुक्त ने प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित संबंधित पदाधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.उन्होंने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने को कहा.
ये रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, क्षेत्रीय उपनिदेशक जियाडा मनोज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा कुमार कनिष्क सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे.
ALSO READ: झारखंड बंद असरदार या बेअसर: भाजपा का दावा पूरी तरह रहा सफल, विपक्ष ने बताया राजनीतिक नौटंकी, संसद से सड़क तक गूंजा मुद्दा
