Bokaro: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितता के विरोध में आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ झारखंड बंद का असर बोकारो में भी देखने को मिला. बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले के प्रमुख मार्गों के चौराहों पर प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
नया मोड़, जैनामोड़ और पेटरवार में प्रदर्शन
बोकारो रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाली मुख्य सड़क पर नया मोड़ के समीप भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और मार्ग को अवरुद्ध कर दिया. वहीं, जैनामोड़ फोरलेन चौक तथा पेटरवार छत्रु राम महतो चौक पर भी भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे.
प्रदर्शन से बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जबकि दोपहिया और कई जगह चार पहिया वाहनों पर रोक-टोक नहीं थी. सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हेमंत सरकार गद्दी छोड़ो के नारे लगाए. वक्ताओं ने कहा कि JPSC और JSSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी.
मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों के न्याय, निष्पक्षता और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
ALSO READ: हीरो कौन और हैवान कौन? अक्षय-सैफ की फिल्म का टीजर कल खोलेगा बड़ा राज
