Jharkhand Weather Update: मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

रांची: झारखंड में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है. सुबह तेज धूप निकल रही है, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छा...

weather jharkhand
weather jharkhand

रांची: झारखंड में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है. सुबह तेज धूप निकल रही है, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छा रहे हैं और कई जगहों पर आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 19 से 21 मार्च के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा और मध्यम बारिश की संभावना है. इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

जमशेदपुर में दिन गर्म, शाम सुहानी

जमशेदपुर में बुधवार को दिनभर तेज धूप रही, जिससे गर्मी का असर साफ महसूस हुआ. हालांकि शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को राहत मिली. मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी दोपहर तक तेज धूप रहेगी, लेकिन शाम के समय मौसम बदल सकता है. 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. यही स्थिति 20 और 21 मार्च को भी बनी रह सकती है. यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री दर्ज किया गया.

गिरिडीह में अचानक बारिश से राहत

गिरिडीह में बुधवार को मौसम कई बार बदला. सुबह हल्की धूप रही, लेकिन दोपहर में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. इससे मौसम सुहावना हो गया, हालांकि दिनभर उमस बनी रही. शाम को बारिश रुकने के बाद फिर हल्की गर्मी महसूस हुई. बारिश के कारण कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई.

धनबाद में दो बार बरसे बादल

धनबाद में भी मौसम का उतार-चढ़ाव देखने को मिला. दिन की शुरुआत हल्की धूप से हुई, लेकिन दोपहर में तेज हवा और बारिश ने अचानक मौसम बदल दिया. कुछ जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़ों की टहनियां भी टूट गईं. करीब आधे घंटे बाद मौसम सामान्य हुआ, लेकिन रात में फिर गरज के साथ हल्की बारिश हुई. यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे.

Read Also: FASTag नियमों में बदलाव: अब टोल भुगतान में 72 घंटे का समय, देर होने पर लगेगा दोगुना शुल्क

तापमान में गिरावट के संकेत

मौसम विभाग के पांच दिन के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी. देवघर, धनबाद और जामताड़ा में तापमान 36 डिग्री से घटकर 32-34 डिग्री तक आ सकता है. वहीं गिरिडीह और बोकारो में तापमान 30-32 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. पलामू, गढ़वा और चतरा में शुरुआत में तापमान 38 डिग्री तक जा सकता है, लेकिन बाद में कमी आएगी. रांची और आसपास के इलाकों में तापमान करीब 30 डिग्री रहने का अनुमान है.

तेज हवा और वज्रपात का खतरा

मौसम विभाग ने 19 से 21 मार्च के बीच तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव चक्रवाती परिसंचरण के कारण हो रहा है, जिससे मौसम में अस्थिरता बनी हुई है.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *