Ranchi: आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के जश्न को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है. आतंकी खतरों की आशंका के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली एनसीआर में ‘हाई अलर्ट’ घोषित कर दिया है. सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करने के साथ ही दिल्ली पुलिस ने 19 मोस्ट वांटेड आतंकवादियों की सूची जारी कर उनके पोस्टर सार्वजनिक स्थलों पर लगा दिए हैं. इस सूची में अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े झारखंड के दो वांटेड आतंकी चतरा निवासी अबू सूफियान और जमशेदपुर (आजादनगर) के सैयद मोहम्मद अर्शियान के नाम और तस्वीरें भी प्रमुखता से शामिल हैं.
आतंकवाद का इंजीनियर कहा जाते सैयद अर्शियान उर्फ हैदर
जमशेदपुर के मानगो (आजाद बस्ती, रोड नंबर-14) का निवासी सैयद अर्शियान उर्फ हैदर (उम्र लगभग 40 वर्ष) लंबे समय से देश से फरार है. सीबीआई के विशेष अनुरोध पर इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, अर्शियान को ‘आतंकवाद का इंजीनियर’ कहा जाता है. उस पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के लिए आत्मघाती ड्रोन और छोटी दूरी की मिसाइलों को डिजाइन करने का गंभीर आरोप है. उसने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. साल 2008 में वह सऊदी अरब के दम्मम चला गया, जहां उसने सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में काम किया. वहीं उसकी मुलाकात चेचन मूल की बेल्जियम नागरिक अलीना हैदर से हुई, जिससे बाद में उसने शादी कर ली. साल 2017 से वह तुर्किए में रह रहा है. हालिया जांच में उसका लोकेशन तुर्किए में ट्रेस किया गया है, जहां से उसके प्रत्यर्पण और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. अर्शियान के भाई सैयद मोहम्मद जीशान अली हैदर को 10 अगस्त 2017 को सऊदी अरब से प्रत्यर्पित कर दिल्ली में गिरफ्तार किया जा चुका है.
सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा किए गए पोस्टर
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आम जनता से सक्रिय सहयोग की अपील की है. ये पोस्टर दिल्ली के मुख्य बाजारों, बस टर्मिनलों, रेलवे स्टेशनों और मेट्रो स्टेशनों जैसे अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं. इन पोस्टरों में विभिन्न आतंकवादी संगठनों, जैसे अल-कायदा (AQIS), इंडियन मुजाहिदीन और खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े फरार आतंकियों की जानकारी दी गई है.
प्रमुख वांटेड आतंकियों के नाम
- अबू सूफियान (चतरा, झारखंड – अल-कायदा)
- सैयद मोहम्मद अर्शियान (जमशेदपुर, झारखंड – अल-कायदा)
- मोहम्मद शर्जील अख्तर (AQIS और IM कनेक्शन)
- रियाज भटकल (इंडियन मुजाहिदीन)
- शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल (इंडियन मुजाहिदीन)
- खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े वांटेड:
- बब्बर खालसा इंटरनेशनल: हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा.
- खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स: रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा
जनता से अपील और इनाम की घोषणा
दिल्ली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि या इन आतंकियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत राष्ट्रीय आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचित करें. पुलिस प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी और उसे उचित इनाम भी प्रदान किया जाएगा.
ALSO READ : झारखंड हाईकोर्ट ने अजय जालान की याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा, मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ा है विवाद
